Friday, September 24th, 2021

now browsing by day

 
Posted by: | Posted on: September 24, 2021

मोदी सामाजिक सुरक्षा की गारंटी:- नायब सैनी

मोदी पिछड़ों के मसीहा:-कर्णदेव काम्बोज

कुरुक्षेत्र(विनोद वैष्णव) मोदी सामाजिक सुरक्षा की गारंटी हैं। जितना मोदी नें ओबीसी के उत्थान के लिए काम किया है उतना पहले कभी नहीं हुआ। यह शब्द भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के राष्टीय उपाध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी नें स्थानीय सैनी समाज भवन में ओबीसी मोर्चा हरियाणा द्वारा “सामाजिक सुरक्षा और मोदी जी” विषय पर आयोजित सेमिनार में बोल रहे थे। इससे पहले बैरागी धर्मशाला में एकत्रित भाजपा कार्यकर्त्ताओं नें प्रदेश महामंत्री डॉ पवन सैनी के नेतृत्व में सैनी समाज भवन के गेट पर डटे किसानों को हटाकर सभास्थल सैनी समाज भवन प्रवेश किया। नायब सैनी नें कहा कि चाहे अनुसूचित वर्ग हो या जन जाति, पिछड़ा वर्ग हो या आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग, सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नें सामाजिक सुरक्षा दी है। वह चाहे अपनें मन्त्रीमण्डल में पिछड़ा वर्ग को सबसे ज्यादा तरजीह देने का कदम हो या मेडिकल शिक्षा में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण व आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला हो।मेडिकल शिक्षा में आरक्षण पिछड़ा वर्ग के बच्चों का डॉक्टर बनने का सपना पूरा करेगा। नायब सैनी नें कहा कि जहाँ मोदी जी नें किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत सहायता दी वहीं रबी फसलों के मूल्य में अभूतपूर्व वृद्धि की।उन्होनें कहा कि जितना भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार नें किसानों के उत्थान के लिए काम किये हैं इतना किसी भी सरकार नें नहीं किया।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कर्णदेव काम्बोज नें कहा कि मोदी जी पिछड़ों के मसीहा हैं। 2014 तक किसी भी केंद्रीय विश्वविद्यालय में ओबीसी वर्ग से कुलपति नहीं रहा। सर्वप्रथम केंद्र में भाजपा सरकार आने के बाद 2015 में ओबीसी वर्ग से कुलपति की नियुक्ति हुई। इसी तरह किसी भी केंद्रीय विश्वविद्यालय में 2018 तक एक भी प्रोफेसर ओबीसी वर्ग से नहीं था।
उन्होंने आगे बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार नें ही नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल व केंद्रीय लॉ कॉलेज में ओबीसी वर्ग के छात्रों को आरक्षण दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछड़ा वर्ग को पंचायत में 8 प्रतिशत आरक्षण देना सामाजिक सुरक्षा देने का काम करेगा।
काम्बोज नें कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सेवा ही संगठन है। इसी मंत्र पर चलते हुए भाजपा कार्यकर्त्ता समय समय पर सेवा कार्य करते रहते हैं। वह चाहे कोरोना काल में बीमारों व उनके तीमारदारों को सेवा रसोई के माध्यम से भोजन उपलब्ध कराने का सेवा कार्य हो या कोरोना मरीजों को प्लाज्मा देना हो। इसी क्रम में ओबीसी मोर्चा द्वारा इस वर्ष प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 50 हजार दुग्ध विक्रेताओं का बीमा करवाया जाएगा। इसके साथ ही 17 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक बूथ लेवल पर दिव्यांग व्यक्तियों को चिन्हित करके उनकी मदद की जाएगी।
उन्होनें प्रदेश में किसान आंदोलन बारे बोलते हुए कहा कि किसानों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा देश में सबसे ज्यादा योजनाएं लाई गई हैं। जहाँ मनोहर सरकार देश में सर्वाधिक 11 फसलों को एम एस पी पर खरीदती है वहीं किसानों के गन्ने को देश में सर्वाधिक 362 रु किवंटल खरीद रही है। उन्होंने बताया कि जहां प्रदेश में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत अब तक 19 लाख 42 हजार किसानों को 2595 करोड़ रु की सहायता की, वहीं फसल बीमा योजना के तहत 18 लाख 15 हजार किसानों को 3961 करोड़ रु का मुआवजा दिया। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने प्राकृतिक आपदा से खराब फसलों का 2765 करोड़ रु व भावान्तर भरपाई योजना में किसानों को 10.12 करोड़ रु मुआवजा दिया। काम्बोज नें बताया कि मनोहर सरकार किसानो को बीज खरीदने पर भी मूल्य में एक हजार से 4 हजार रु किवंटल की छूट दे रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति में फ्लॉप विपक्षी नेता किसानों की आड़ में अपनी राजनीति रोटियां सेक रहे हैं। ये लोग किसानों के हितैषी न होकर किसानों के दुश्मन हैं।
प्रदेश महामंत्री डॉ पवन सैनी नें कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार को बनाने में ओबीसी वर्ग का बहुत बड़ा योगदान है। ओबीसी वर्ग भी भाजपा सरकार में अपना हित सुरक्षित महसूस करता है।उन्होंने दावे से कहा कि 2024 में एक बार फिर केंद्र व प्रदेश में ओबीसी वर्ग के सहयोग से भाजपा सरकार बनेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष श्यामलाल जांगड़ा नें मंच संचालन किया।
ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष जसविंदर बहादुरपुर, विधायक सुभाष सुधा, जिलाध्यक्ष राजकुमार सैनी, महामंत्री रामेश्वर प्रजापति व देवेंद्र पांचाल,पूर्व सांसद कैलाशो सैनी नें भी सेमिनार में अपनें विचार रखे।
इस अवसर पर नरेश सैन, प्रिंस धनवाल, मुकेश राठोर,श्यामलाल जांगड़ा, रामदत्त सैनी, फूल सिंह पाल, मीडिया व आई टी प्रमुख हरीश सैनी आदि प्रमुख थे।