November, 2024
now browsing by month
डीएवी सेंटेनरी कॉलेज में शिक्षण को बेहतर बनाने के लिए आईटी एप्लीकेशन पर प्रशिक्षण

फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : डीएवी सेंटेनरी कॉलेज एसएफएस वाणिज्य विभाग ने डीन डॉ. ललिता ढींगरा के नेतृत्व में शिक्षण को बेहतर बनाने के लिए आईटी एप्लीकेशन पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य शिक्षण कर्मचारियों को नए शिक्षण उपकरणों, विधियों और प्रौद्योगिकियों का व्यावहारिक और उन्नत ज्ञान प्रदान करना रहा। सत्र के लिए रिसोर्स पर्सन के रूप में कॉलेज के बीसीए विभाग के डीन दिनेश कुमार शामिल रहे। दिनेश कुमार के पास आईटी क्षेत्र में विभिन्न ऑनलाइन शिक्षण उपकरणों और संपादन सॉफ्टवेयर पर पेशेवर विशेषज्ञता है व साथ ही अच्छे यू-टूबर भी हैं | उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न सॉफ्टवेयर और ऑनलाइन वीडियो व्याख्यान रिकॉर्ड करने की बुनियादी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी दी। यह कार्यक्रम वाणिज्य विभाग की प्रमुख सुश्री रेखा शर्मा की देखरेख में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में वाणिज्य और विज्ञान विभाग के लगभग 30 शिक्षण संकाय शामिल हुए।
डी.ए.वी शताब्दी महाविद्यालय में छात्रों के लिए किया गया अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले की शैक्षिक यात्रा का आयोजन

फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : डी.ए.वी शताब्दी महाविद्यालय में पुस्तकालय विभाग की अध्यक्ष सुश्री रितु द्वारा महाविद्यालय के छात्रों के लिए इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का एक शैक्षिक यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को दुनिया के व्यापार मेले का ज्ञान करवाना वह उनकी संस्कृति से अवगत करवाना रहा।
खासकर जियोग्राफी के छात्रों ने इस मेले में अपनी अहम रुचि दिखाई व यात्रा का आनंद लिया इस मौके पर पुस्तकालय अध्यक्ष सुश्री रितु के साथ-साथ डॉक्टर मीनाक्षी कौशिक,स्नेहा ,डॉक्टर रेखा सिंह के साथ-साथ लगभग 20 छात्र छात्रों ने भाग लिया ।महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या डॉक्टर अर्चना भाटिया ने इस यात्रा में भाग लेने वाले सभी बच्चों व शिक्षकों को शुभकामनाएं दी और इस प्रकार की यात्रा करने के लिए भविष्य के लिए भी प्रेरित किया।
डीएवी शताब्दी में नेत्र एवं दंत जांच शिविर का आयोजन

फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : डीएवी शताब्दी महाविद्यालय फरीदाबाद में क्लोव एसोसिएशन के सहयोग से छात्रों और शिक्षकों के लिए नेत्र और दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर प्रभारी प्राचार्य डॉ. अर्चना भाटिया के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने नेत्र और दंत स्वास्थ्य की जांच की और उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

इस पहल का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को उनकी सेहत के प्रति जागरूक करना और समय रहते स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाना रहा। यह कार्यक्रम युवा क्लब की संयोजिका डॉ. अंजू गुप्ता और मेडिकल कमेटी की संयोजिका डॉ. राजकुमारी द्वारा संपन्न कराया गया। इस अवसर पर 317 प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और कार्यक्रम को अत्यधिक सराहा। कॉलेज प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए आयोजकों और डॉक्टरों की टीम को धन्यवाद दिया और भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
पेनसिकलाट में डीएवी शताब्दी के छात्रों का नेशनल गेम्स के लिए चयन

फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में 19 -20 नवंबर को आयोजित अंतर महाविद्यालय पेनसिकलाट 2024-25 में डीएवी शताब्दी की पुरुष टीम ने प्रतियोगिता की ओवरऑल विजेता रनरअप ट्रॉफी को अपने नाम किया | इसके साथ ही मनप्रीत सिंह, आदित्य व विशाल फागना का चयन आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट्स में भी चयन हो गया है | महाविद्यालय की छात्र मनप्रीत सिंह (63 किलो), आदित्य (68 किलो) व विशाल फागना (95 किलो) ने पेनसिकलाट प्रतियोगिता में गोल्ड जीता | इसके अलावा तनिष्क (58 किलो) में सिल्वर व सुशांत (70 किलो) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता |
महाविद्यालय पहुँचने पर सभी खिलाडियों का जोरदार स्वागत किया गया | महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य डाॅ. अर्चना भाटिया ने सभी विजेताओं को बधाई दी | प्राचार्या ने खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र दुग्गल को भी इस सफलता के लिए बधाई दी जिनके प्रशिक्षण में छात्रों को यह कामयाबी मिली। डॉ. नरेन्द्र दुग्गल ने भी नेशनल के लिए चयनित छात्रों की तारीफ की और इसके लिए बेहतर तयारी के लिए प्रेरित किया |
डी.ए.वी. शताब्दी में इंटर डिपार्टमेंट मार्केटिंग मैनिया प्रतियोगिता

फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय में मार्केटिंग विभाग द्वारा इंटर डिपार्टमेंट मार्केटिंग मैनिया प्रतियोगिता- 2024 आयोजित की गई | कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की रचनात्मकता और मार्केटिंग के क्षेत्र में उनके ज्ञान को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की गईं जिनमें मार्केटिंग पर एक ई-क्विज़, पोस्टर मेकिंग, आर्टिकल राइटिंग और प्रेजेंटेशन शामिल रहीं।
पोस्टर मेकिंग में बीसीए प्रथम वर्ष के अलीश पहले, बीसीए प्रथम वर्ष की अंजली दूसरे व बी.ए. अंतिम वर्ष की पूजा नरूला तीसरे स्थान पर रहीं | आर्टिकल राइटिंग और प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता के में बीकॉम द्वितीय वर्ष के हर्षित पहले , बीबीए द्वितीय वर्ष के विक्रांत दूसरे व बीबीए द्वितीय वर्ष की वर्षा तीसरे स्थान पर रहीं | कार्यक्रम में महाविद्यालय कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. अर्चना भाटिया ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया। प्रतियोगिता के जज डॉ. सुमन तनेजा, डॉ. अंकिता मोहेंद्रा, डॉ. इमराना खान और रजनी टुटेजा शामिल रहीं | प्रतियोगिता में मार्केटिंग विभाग की संयोजिका डॉ. सोनिया नरूला, आयोजक सचिव इ. एच. अंसारी के साथ विभिन्न विभागों के शिक्षकों व बी.ए., बी.बी.ए., बी.कॉम और बी.सी.ए. से 150 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
डीएवी शताब्दी की महिला कराटे टीम बनी अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियन

फरीदाबाद (विनोद वैष्णव) : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में 18 -20 नवंबर को आयोजित अंतर महाविद्यालय कराटे 2024-25 में डीएवी शताब्दी की महिला कराटे टीम ने प्रतियोगिता की विजेता ओवरऑल ट्रॉफी को अपने नाम किया | महाविद्यालय की छात्राओं साक्षी वशिष्ट, नंदिनी शर्मा, तेजस्वनी शर्मा व भूमि शर्मा ने टीम काता प्रतियोगिता में गोल्ड जीता | टीम कुमिते में भी साक्षी वशिष्ट, पूजा, भूमि शर्मा व आरती चंदीला ने प्रथम स्थान पर रहते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया | वहीं महिला एकल स्पर्धा में भी साक्षी वशिष्ट ने काता में गोल्ड व कुमिते में ब्रॉन्ज मेडल जीता | महाविद्यालय पहुँचने पर महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य डाॅ. अर्चना भाटिया ने सभी विजेताओं को बधाई दी | प्राचार्या ने खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. नरेन्द्र दुग्गल को भी बधाई का पात्र बताया जिनके अथक प्रयासों और समर्पण से छात्राओं को यह बड़ी सफलता हासिल हुई। डॉ. नरेन्द्र दुग्गल ने भी छात्राओं की तारीफ करते हुए उन्हें काफी मेहनती, लगनशील व जुझारू प्रवृति की बताया |
डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के प्राध्यापकों और लाइब्रेरियन ने किया नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी के पुस्तक प्रदर्शनी का दौरा

फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : डीएवी शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद के लाइब्रेरियन व प्राध्यापकों ने गुरुग्राम स्थित नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी की लाइब्रेरी द्वारा आयोजित पुस्तक प्रदर्शनी का दौरा किया। इस प्रदर्शनी में वित्त, आईटी, प्रबंधन, प्रौद्योगिकी और सामान्य विषयों से संबंधित विभिन्न शैलियों की व्यापक पुस्तकों का संग्रह प्रदर्शित किया गया, जिसने पुस्तक प्रेमियों के लिए एक अद्भुत अनुभव प्रदान किया।
महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या डॉ. अर्चना भाटिया ने कॉलेज लाइब्रेरी के लिए पुस्तकों का संग्रह बढ़ाने पर जोर दिया। लाइब्रेरी संयोजक डॉ. जितेंद्र ढुल और सह-संयोजक डॉ. अंजु गुप्ता ने इस पुस्तक प्रदर्शनी के दौरे के लिए प्रेरित किया। इस दौरे का आयोजन लाइब्रेरियन ऋतु द्वारा किया गया। इस प्रदर्शनी में डॉ. नीरज सिंह, प्रिया वर्मा और नेत्रपाल सैन ने भी भाग लिया।
डी.ए.वी. शताब्दी इतिहास विभाग द्वारा राष्ट्रीय संग्रहालय का शैक्षणिक दौरा

फरीदाबाद (विनोद वैष्णव) : डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय के इतिहास विभाग ने छात्रों के लिए राष्ट्रीय संग्रहालय, दिल्ली का एक शैक्षणिक दौरा आयोजित किया। यात्रा का मुख्य उद्देश्य छात्रों के भारतीय इतिहास, कला और संस्कृति के बारे में ज्ञान और समझ को बढ़ाना रहा। कलाकृतियों और प्रदर्शनों के अपने विशाल संग्रह के साथ राष्ट्रीय संग्रहालय इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए एक आदर्श मंच के रूप में कार्य करता है। इस यात्रा में चौंतीस छात्रों ने भाग लिया। राष्ट्रीय संग्रहालय पहुंचने पर, समूह का स्वागत संग्रहालय के कर्मचारियों द्वारा किया गया, जिन्होंने संग्रहालय के इतिहास और महत्व पर परिचयात्मक जानकारी दी। इसके बाद छात्रों को संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं का पता लगाने के लिए छोटे-छोटे समूहों में विभाजित किया गया। दीर्घाओं में प्राचीन भारतीय मूर्तियों, लघु चित्रों और सजावटी कलाओं सहित कलाकृतियों का एक प्रभावशाली संग्रह प्रदर्शित किया गया।
छात्रों ने प्रदर्शनों में गहरी रुचि दिखाई, व्यावहारिक प्रश्न पूछे और संकाय सदस्यों के साथ चर्चा में भाग लिया। इस यात्रा में संग्रहालय की अस्थायी प्रदर्शनियों का एक निर्देशित दौरा भी शामिल रहा | इतिहास विभाग सहायक प्रोफेसर कमलेश सैनी ने विशिष्ट विषयों, विषयों पर अतिरिक्त संदर्भ और जानकारी प्रदान की।
इस मौके पर महाविद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या डॉ अर्चना भाटिया ने सभी छात्रों को शुभकामनाएं दी व बच्चों के लिए ज्ञान वर्धन के लिए इस प्रकार का दौरा आयोजन करने पर विभागाध्यक्ष कमलेश सैनी को भी बधाई दी।
IZYF24 में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की ट्रॉफी के साथ डीएवी सेंटेनरी कॉलेज ने जीते 14 पुरस्कार

डीएवी सेंटेनरी कॉलेज की टीम इमा ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में आयोजित इंटर जोनल यूथ फेस्ट में कुल पंद्रह पुरस्कार जीते। बीएजेएमसी तृतीय वर्ष के छात्र दर्शन ने ताजेमारो किरदार के लिए हिंदी वन एक्ट प्ले श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का खिताब हासिल किया। कॉलेज ने रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार, एकल नृत्य महिला, हरियाणवी समूह नृत्य, संस्कृत श्लोक और हिंदी नाटक में द्वितीय पुरस्कार के साथ भजन/गज़ल, क़व्वाली, हिंदी कविता, पंजाबी कविता, हरियाणवी कविता, पेंटिंग, शास्त्रीय नृत्य, फोटोग्राफी, और पश्चिमी वाद्ययंत्र श्रेणी में तृतीय पुरस्कार जीते।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डाॅ. अर्चना भाटिया ने सभी विजेताओं, प्रतिभागियों और शिक्षकों को बधाई दी जिनके अथक प्रयासों और समर्पण ने इसे बड़ी सफलता दिलाई। डॉ. भाटिया ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवा महोत्सव में कॉलेज के प्रदर्शन में साल-दर-साल बढ़ोतरी आप सभी छात्रों और शिक्षकों की मेहनत को प्रमाणित करती है | हमें अपनी उपलब्धियों को और आगे लेकर जाना है और इसके लिए महाविद्यालय प्रबंधन आगे भी आपकी मदद करता रहेगा | इस अवसर पर इमा कोऑर्डिनेटर डॉ. जीतेन्द्र ढुल, इमा डिप्टी डीन आरती कुमारी के साथ इमा टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे जिन्होंने छात्रों की कला को निखारने में अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वहन किया |
एमवीएन विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास के साथ 75वां संविधान दिवस मनाया गया

पलवल (विनोद वैष्णव) : एम.वी.एन. यूनिवर्सिटी में आज स्कूल ऑफ़ लॉ के तत्वावधान में संविधान दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “संविधान: लोकतंत्र का आधार” थी। जिसमें मुख्य अतिथि मिस मैनका सिंह (सीजेएम सह सचिव, डीएलएसए, पलवल) और वरुण मिश्रा (सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता) थे।
यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. अरुण गर्ग ने अपने संबोधन में कहा की हमारे संविधान ने न केवल लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान किया है, बल्कि यह हमारे देश की विविधता में एकता का सबसे बड़ा उदाहरण है। उपकुलपति डॉ. एन.पी. सिंह ने कहा की संविधान हर नागरिक के लिए अधिकारों और कर्तव्यों का प्रकाशस्तंभ है। यह हमें हमारे देश की दिशा और दशा तय करने का मार्ग दिखाता है। कुलसचिव डॉ. योगेन्द्र सिंह ने कहा की संविधान दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों को पुनः स्मरण करने का अवसर है।
मुख्य अतिथि मिस मैनका सिंह ने अपने संबोधन में संविधान को लोकतंत्र का आधार बताते हुए कहा की यह केवल अधिकारों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि कर्तव्यों और सामाजिक समरसता की भावना का प्रतीक है। वहीं वरुण मिश्रा ने छात्रों को संविधान की धाराओं और प्रावधानों के व्यावहारिक उपयोग के महत्व को समझाया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने संविधान को समझने और उसके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि संविधान का अध्ययन हर भारतीय नागरिक को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। संविधान दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम छात्रों और समाज को संविधान के प्रति जागरूक और प्रेरित करने का एक सराहनीय प्रयास रहा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. योगेन्द्र सिंह, डीन लॉ डॉ. राहुल वर्षणेय, नरेंद्र अहूजा, सभी टीचिंग व नॉन टीचिंग स्टाफ उपस्थित थे।