राष्ट्र निर्माण में राजीव गांधी का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा: मनोज अग्रवाल

Posted by: | Posted on: May 21, 2022

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज बल्लभगढ़ के मोहना रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ बल्लभगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं हरियाणा कांग्रेस के स्टेट सोशल मीडिया इंचार्ज मनोज अग्रवाल ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं व आमजनों को संबोधित करते हुए मनोज अग्रवाल ने कहा की देश के पूर्व प्रधानमंत्री, हमारे प्रेरणापुंज स्व. श्री राजीव गांधी सहमति और समझौते, भागीदारी और समझाने-बुझाने के जरिए सार्वजनिक जीवन में राजनीति, अर्थव्यवस्था और नैतिकता के क्षेत्र में बदलाव के प्रतीक थे। वे दृढ़ संकल्पित शांतिदूत थे और उन्होंने शांति एवं लोकतंत्र की बहाली के लिए पंजाब, असम, मिजोरम, नागालैंड और कश्मीर में विरोध-प्रदर्शन और हिंसा समाप्त करने के लिए कड़ी मेहनत की। उनका दृढ़ विश्वास था कि ‘भारत लोकतंत्र के बिना एकजुट नहीं रह सकता’। उन्होंने जोशीले देशभक्त और लोकतंत्रवादी के तौर पर राष्ट्रीय जीवन में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं, प्रतीकों और मूल्यों को बचाने, मजबूत करने और उनके प्रसार के लिए सब कुछ किया।

अपने स्वभाव से बेहद धीर गंभीर राजीव गांधी जी आधुनिक सोच और निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता वाले असाधारण व्यक्तित्व के व्यक्ति थे, वो भारत को विश्व की अत्याधुनिक तकनीकों से लैस करके भारत को ताकतवर विकसित देशों की श्रेणी में जल्द से जल्द लाना चाहते थे। राजीव अक्सर कहा करते थे कि भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखते हुए उनका सबसे बड़ा सपना इक्कीसवीं सदी के आधुनिक विकसित भारत का निर्माण करने का है।

राजीव जी ने देश भर में उच्च शिक्षा कार्यक्रमों के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए 1985 में मानव संसाधन विकास मंत्रालय की स्थापना की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली लड़कों और लड़कियों को सामाजिक न्याय और संस्कृति के साथ-साथ उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए मुफ्त आवासीय जवाहर नवोदय विद्यालयों की अवधारणा को साकार किया। राजीव जी ने भारत को हमेशा के लिए बदल दिया। उनका दिल भारत के लिए धड़कता था, उन्होंने हर भारतीय को गर्व से ‘मेरा भारत महान’ कहने के लिए प्रोत्साहित किया। राजीव गांधी की यादें भारत के लोगों के दिलो-दिमाग में हमेशा के लिए अंकित रहेंगी।

इस मौके पर मुख्य रूप से महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव प्रियंका अग्रवाल, कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय त्यागी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोनू चौधरी, सेवादल सचिव सगीरन खान, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अनिता शर्मा, वार्ड नं 41 के शुभम कसाना, प्रताप शर्मा, ओबीसी विभाग की राष्ट्रीय सचिव रंजना सिंह, राजेश शर्मा, जयकिशन पंडित, शशांक जैन एडवोकेट, डी. पी चहल, एनएसयूआई के सन्नी बादल, ललित, राहुल गुप्ता, योगेश बंसल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *