सेंट कोलंबस स्कूल में हर्षोल्लास के साथ  ‘डांडिया उत्सव’का आयोजन

फरीदाबाद (विनोद वैष्णव) : नवरात्रि के पावन अवसर पर सेंट कोलंबस स्कूल, दयाल बाग, फरीदाबाद में गुरुवार की संध्या को कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए भव्य ‘डांडिया उत्सव’का आयोजन किया गया। इस उत्सव में भारतीय संस्कृति, पारंपरिक नृत्य-संगीत और भक्तिमय प्रस्तुतियों का सुंदर संगम देखने को मिला। संपूर्ण विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और उल्लास से सराबोर रहा।

माँ दुर्गा की आरती के पश्चात् गार्ड ऑफ ऑनर के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यालय की निदेशिका महोदया संगीता भाटी ने दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। विद्यालय परिसर में माँ दुर्गा की आराधना में प्रस्तुत गरबा आरती ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विद्यालय के छात्रों द्वारा ‘अयिगिरि नंदिनी’ की ओजस्वी प्रस्तुति ने शक्ति और साहस का संदेश दिया, वहीं ‘रिदम ऑफ शक्ति’ और ‘रंगीला नवरात्रि’ व ‘ माधव मोहन’ जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

नर्सरी से पाँचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के साथ उत्सव में सहभागिता कर कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। बच्चों और माताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने समारोह को यादगार बना दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी माताओं ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर समाँ बाँध दिया। उनके उत्साह, ऊर्जा और मनमोहक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रैंप वॉक रहा, जिसमें माताओं ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके इस उत्साहपूर्ण प्रदर्शन को दर्शकों ने ज़ोरदार तालियों से सराहा। रैंप वॉक की विजेता नीलम, सविता गुप्ता, सुमन मीना एवं सागरिका स्वैन रहीं। सभी विजेताओं को विद्यालय की निदेशिका संगीता भाटी द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।

विद्यालय के अध्यक्ष ऋषि चौधरी एवं निदेशिका संगीता भाटी के मार्गदर्शन में आयोजित इस उत्सव ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, इस आयोजन ने विद्यालय परिवार को एक साथ मिलकर आनंद मनाने, आपसी सहयोग बढ़ाने और सामूहिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

निस्संदेह, यह डांडिया उत्सव सभी के लिए आनंद, उत्साह और अविस्मरणीय स्मृतियों से परिपूर्ण रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात् कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *