फरीदाबाद (विनोद वैष्णव) : सेंट कोलंबस स्कूल, दयालबाग, फरीदाबाद में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में दीपोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं को दीपावली की खुशियों से जोड़ना तथा आपसी प्रेम, सौहार्द और उत्साह के साथ त्योहार मनाने का अवसर प्रदान करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष महोदय श्रीमान ऋषि चौधरी जी व निदेशिका महोदया श्रीमती संगीता भाटी के सान्निध्य में अभिभावकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक पारंपरिक सजावट से सजाया गया था।
इस समारोह में सीता-राम की झाँकी निकाली गईं तथा विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
समारोह में विशेष आकर्षण का केंद्र विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘श्रीराम महिमा’ पर आधारित समूह नृत्य रहा। नृत्य के माध्यम से विद्यार्थियों ने भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और भक्ति भावना को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय शास्त्रीय समूह नृत्य ने वातावरण को आध्यात्मिक एवं भक्तिमय बना दिया।
इसके अतिरिक्त, विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं के लिए आकर्षक फैशन शो का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी सुंदर वेशभूषा, आत्मविश्वास और आकर्षक अंदाज़ से सभी का मन मोह लिया। निदेशिका महोदया द्वारा प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। बारहवीं की छात्रा ‘शगूफ़ा शेख’ को ‘दिवाली प्रिंसेस’ तथा तृतीय कक्षा की छात्रा मान्या शर्मा की माता ‘तनु डोगरा’ को ‘दिवाली क्वीन’ के खिताब से सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने समारोह में विशेष उत्साह और उमंग का संचार किया।

विद्यालय परिसर में बने भव्य पंडाल में सभी ने उत्साहपूर्वक नृत्य-संगीत का आनंद लिया और दीपोत्सव की खुशियों को दोगुना कर दिया। इस अवसर पर अंतर्सदनीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रथम स्थान अल्फा हाउस, द्वितीय स्थान गामा हाउस तथा तृतीय स्थान बीटा और सिग्मा हाउस ने प्राप्त किया।
पूरा विद्यालय परिसर दीपों की जगमगाहट और रंग-बिरंगी रोशनी से आलोकित हो उठा। बच्चों एवं माताओं के चेहरों पर उत्साह और सभी की सहभागिता ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का समापन दीपावली की शुभकामनाओं और प्रेम, खुशहाली एवं समृद्धि के संदेश के साथ हुआ। अभिभावकों ने दीपोत्सव के भव्य आयोजन के लिए अध्यक्ष महोदय को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस प्रकार दीपोत्सव समारोह सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भक्तिमय वातावरण और उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।