फरीदाबाद (विनोद वैष्णव) : इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (IHM), फरीदाबाद में दिवाली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस वर्ष दिवाली महोत्सव की थीम ‘गोवा’ रखी गई, जिसके अंतर्गत संस्थान परिसर को गोवा की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन, पारंपरिक खानपान और प्राकृतिक सौंदर्य के रंगों में सजाया गया। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अनूठी प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर में गोवा जैसा जीवंत वातावरण बना दिया।
संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. संदीप लोहानी ने बताया कि आईएचएम फरीदाबाद गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देता है। उन्होंने अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की अद्भुत रचनात्मकता, नवीन सोच, समर्पण और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन का संचालन संस्थान की वरिष्ठ व्याख्याता डॉ. श्वेता कुमार के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।
डॉ. श्वेता कुमार ने बताया कि पांचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने गोवा की थीम को साकार करने के लिए आकर्षक सजावट एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया। परिसर में गोवा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों, मनमोहक समुद्री तटों, रंग-बिरंगे फ्ली मार्केट, रोमांचक एडवेंचर स्पोर्ट्स, कैसीनो, बीच बार, किराये पर मिलने वाले दोपहिया वाहनों तथा विभिन्न फूड आउटलेट्स की आकर्षक झलक प्रस्तुत की गई। विद्यार्थियों ने काजू की खेती से लेकर उसके प्रसंस्करण तक की संपूर्ण प्रक्रिया को भी रोचक एवं ज्ञानवर्धक ढंग से प्रदर्शित किया, जिससे गोवा के प्रमुख कृषि उत्पादों के बारे में जानकारी मिली। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत लाइव गायन ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। गोवा के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद उपलब्ध कराने के लिए शेफ संजय के नेतृत्व में प्रमोद भड़ाना, साजिम खान, प्रवीण यादव, दीपक तथा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने विभिन्न गोवन व्यंजन तैयार किए और परोसे। रंग-बिरंगे फूड स्टॉल्स, आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने ऐसा वातावरण निर्मित किया मानो पूरा गोवा ही आईएचएम फरीदाबाद के परिसर में उतर आया हो।
इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। विद्यार्थियों ने इस यादगार आयोजन के लिए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया। यह महोत्सव केवल दिवाली का उत्सव ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, आयोजन प्रबंधन, पाक-कला और आतिथ्य कौशल को प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच भी बना। इस आयोजन ने एक बार फिर सिद्ध किया कि आईएचएम फरीदाबाद शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, सांस्कृतिक जागरूकता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के माध्यम से उन्हें आतिथ्य उद्योग के लिए कुशल एवं सक्षम पेशेवर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।