इंदौर (विनोद वैष्णव) : स्टेट इंस्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (SIHM), इंदौर में एक विशेष Live Cocktail Demonstration का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को Cocktail Making और Professional Bartending का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. वी. के. सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में कॉकटेल कल्चर और प्रोफेशनल बारटेंडिंग की मांग लगातार बढ़ रही है। चाहे पारिवारिक समारोह हों, शादियाँ, कॉर्पोरेट इवेंट या सामान्य गेट-टुगेदर—हर आयोजन में प्रोफेशनल बारटेंडिंग और फ्लेयरिंग एक विशेष आकर्षण बन चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान एक अनुभवी एक्सपर्ट बार मैनेजर द्वारा लगभग 20 क्लासिक, पॉपुलर और ट्रेंडिंग कॉकटेल का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया, जो वोडका, रम, जिन, व्हिस्की, वाइन, ब्रांडी और एपेरिटिफ जैसे विभिन्न बेस पर आधारित थे। साथ ही विद्यार्थियों को फ्लेयरिंग (स्टाइलिश एवं आर्टिस्टिक बारटेंडिंग) की भी जानकारी दी गई, जो आज की इवेंट इंडस्ट्री का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

डॉ. सिंह ने कहा कि यह प्रशिक्षण संस्थान के नियमित पाठ्यक्रम का हिस्सा है, जिससे छात्र केवल थ्योरी तक सीमित न रहें, बल्कि प्रैक्टिकल स्किल, आत्मविश्वास और इंडस्ट्री ट्रेंड्स में भी दक्ष बन सकें। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को इंडस्ट्री रेडी प्रोफेशनल बनाना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।