फिम्टिया के प्रधान हेमन्त शर्मा ने प्लांटर भेंट कर नव नियुक्त डीएलसी फरीदाबाद, अजयपाल डूडी का किया स्वागत

फरीदाबाद (विनोद वैष्णव) : आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान हेमन्त शर्मा के नेतृत्व में एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने नव नियुक्त डीएलसी फरीदाबाद अजयपाल डूडी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें प्लांटर भेंट करते हुए स्वागत किया एवं उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में हाल ही में श्रमिकों के वेतन में की गई लगभग 35 प्रतिशत वृद्धि के संबंध में उद्योगों की समस्याओं एवं चिंताओं से डीएलसी महोदय को अवगत कराया। प्रधान हेमन्त शर्मा ने कहा कि वेतन में एकमुश्त इतनी अधिक वृद्धि किए जाने से उद्योगों की उत्पादन लागत में भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे विशेषकर एमएसएमई एवं मध्यम उद्योगों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव उत्पन्न हो गया है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार द्वारा वेतन वृद्धि को चरणबद्ध अथवा स्लैब सिस्टम के तहत लागू किया जाता तो उद्योगों पर अचानक इतना बड़ा वित्तीय भार नहीं पड़ता और उद्योग जगत को समायोजन के लिए पर्याप्त समय मिल जाता। प्रतिनिधिमंडल ने इस विषय को गंभीर बताते हुए डीएलसी महोदय से उद्योगों की समस्याओं को उच्च स्तर तक पहुंचाने तथा समाधान हेतु सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।

डीएलसी अजयपाल डूडी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि उद्योगों के हितों एवं श्रमिकों के कल्याण के मध्य संतुलन बनाए रखने हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर फिम्टिया के पैटर्न जी.एस. धैर्या, आईपीपी वीरभान शर्मा, जनरल सेक्रेटरी रमेश अरोड़ा, ट्रेजरर मनोज नागर, वाइस प्रेसिडेंट योगराज गुप्ता एवं उद्योगपति सतीश सिंघल भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *