डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद में 8 जून से 15 जून 2026 तक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण एवं विचार गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के कुशल मार्गदर्शन में खेल विभाग एवं योग प्रकोष्ठ के तत्वावधान में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंतर्गत 8 जून 2026 को प्रख्यात योग विशेषज्ञ एवं आर्ट ऑफ़ लिविंग के योग प्रशिक्षक डॉ. राजीव कुमार वर्मा को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को योग, ध्यान एवं मेडिटेशन का अभ्यास कराया तथा नियमित योगाभ्यास के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी सशक्त माध्यम है।

इस अवसर पर लगभग 40 विद्यार्थियों तथा 10 फैकल्टी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक योग, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र में भाग लिया। प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा नियमित अभ्यास जारी रखने का आग्रह किया गया। कार्यक्रम में नीरज मलिक, डॉ. इमराना खान, निशा सिंह, निशा अग्निहोत्री, ज्योति मल्होत्रा, तनुजा गर्ग, रविंदर, रेनू, महेश चंद, रागिनी सहित अन्य शिक्षकों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ. ममता तथा सुश्री रितु द्वारा किया जा रहा है। महाविद्यालय परिवार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रशिक्षण श्रृंखला को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *