शिक्षक दिवस पर रेड क्रॉस व लायंस क्लब द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह

फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद ब्रांच व लायंस क्लब सेंट्रल फरीदाबाद के सहयोग से शिक्षक दिवस मनाया गया | एनसीसी कैडेटों और बीएजेएमसी के छात्रों ने शिक्षकों के सम्मान और कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में प्रातः उनके महाविद्यालय आगमन पर पुष्पवर्षा, सलामी देकर व तिलक करके गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय यज्ञशाला में हवन का आयोजन किया गया जिसमें उपस्थित शिक्षकों ने आहुति देकर एक बेहतर शिक्षक बनने का प्रण लिया | इस अवसर पर स्टाफ सेक्रेटरी व यजमान डॉ. अर्चना सिंघल कहा कि भारत के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मोत्सव के रूप में समर्पित इस दिवस का उद्देश्य राष्ट्रनिर्माण में संगलित शिक्षकों को उनके अतुलनीय योगदान के लिए सम्मानित करना है | महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने महाविद्यालय सभागार में उपस्थित सभी मेहमानों व शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि हमें शिक्षक के साथ-साथ एक बेहतर गुरु भी बनना है जिससे आपके छात्र अच्छे गुणों को धारण करके बेहतर राष्ट्र निर्माण में अपना सहयोग दे सकें।

इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सक्रेटरी बिजेंद्र सोरोत के जरूरी कार्यवश अनुपस्थित होने के चलते इसी विभाग से असिस्टेंट सेक्रेटरी पुरषोत्तम सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शिरकत की | पुरषोत्तम सैनी ने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि जब भी बुरा विचार आये उस कार्य को कल करने की सोचकर छोड़ दो और अगर किसी संतजन से अच्छे विचार सुनने को मिले तो उन्हें जीवन में तुरंत शामिल कर लो | उन्होंने नशा मुक्ति को लेकर चलाये जा रही रेड क्रॉस की पहल का जिक्र करते हुए युवाओं को नशामुक्त समाज बनाने के लिए प्रेरित किया | जाने-माने पूर्व शिक्षक, मोटिवेशनल स्पीकर, समाजसेवी, लाइफ कोच, प्रो. (डॉ.) एम.पी. सिंह ने भी शिक्षक की भूमिका व दैनिक जीवन में उसे महसूस होने वाली परेशानियों को समझाया |

विशिष्ट अतिथि के रूप में लायंस क्लब के प्रेजिडेंट व उच्चतम न्यायालय में अधिवक्ता, लायन दीपक विजय ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे | उन्होंने सभ्य समाज व राष्ट्रनिर्माण में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित किया | लायन एन. के. गुप्ता ने बताया कि आज भारत सबसे ऊर्जावान देश है क्योंकि विश्व की सबसे बड़ी जनसंख्या होने के साथ-साथ हमारे पास सबसे बड़ी युवाशक्ति भी है | शिक्षकों को इन युवाओं को उद्यमिता प्रेरक शिक्षा देनी चाहिए | इनके अलावा समाज के निर्माण व सहयोग देने वाले विश्व के सबसे बड़े एनजीओ लायंस क्लब की तरफ से उच्चतम न्यायालय में अधिवक्ता व फर्स्ट लेडी लायन नीरू गुप्ता, लायन योगेश गुप्ता, लायन आर. के. गुप्ता, लायन अमृत कोचर, लायन पी. सी. वैश्य और लायन अशोक अग्रवाल ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई |

छात्रों ने एक और जहाँ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छठा बिखेरी, वहीं दूसरी तरफ शिक्षकों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया | शिक्षा के प्रति सतत समर्पण, मार्गदर्शन और प्रतिबद्धता के लिए सभी शिक्षकों को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र उपस्थित अतिथियों द्वारा देकर सम्मानित किया गया | धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभाग के सहायक प्रवक्ता डॉ. योगेश शर्मा द्वारा दिया गया | मंच के कुशल संचालन का कार्यभार अंग्रेजी विभाग की तरफ से डॉ. सोनिया शर्मा व कर्मण्य सैनी द्वारा संभाला गया |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *