डीएवी सेंटेनरी कॉलेज, फरीदाबाद के वाणिज्य विभाग (एसएफएस) द्वारा “मास्टरिंग इंटरव्यू एटिकेट्स” विषय पर एक विस्तार व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अमिटी विश्वविद्यालय, गुरुग्राम के सहयोग से विभाग के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया।
इस विस्तार व्याख्यान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को साक्षात्कार से संबंधित आवश्यक कौशल, व्यावसायिक शिष्टाचार, प्रभावी संप्रेषण तकनीकों तथा आत्मविश्वास बढ़ाने की रणनीतियों से परिचित कराना था, जिससे वे प्लेसमेंट एवं करियर उन्नति के लिए स्वयं को बेहतर रूप से तैयार कर सकें।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता नरेंद्र शर्मा, जनरल मैनेजर, अमिटी विश्वविद्यालय, गुरुग्राम रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साक्षात्कार की तैयारी, शारीरिक भाषा, बायोडाटा प्रस्तुति, पेशेवर व्यवहार तथा साक्षात्कार में की जाने वाली सामान्य त्रुटियों से बचने के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
व्याख्यान सत्र अत्यंत संवादात्मक एवं रोचक रहा। विद्यार्थियों ने साक्षात्कार से जुड़ी घबराहट, एचआर की अपेक्षाएँ तथा वास्तविक साक्षात्कार अनुभवों से संबंधित प्रश्न पूछकर सक्रिय सहभागिता निभाई।
यह कार्यक्रम डॉ. नरेंद्र कुमार, कार्यवाहक प्राचार्य, के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की संयोजिका विभागाध्यक्ष रेखा शर्मा रहीं, जबकि आफरीन सुल्ताना एवं प्रिया यादव ने कार्यक्रम समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस विस्तार व्याख्यान में लगभग 60 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।