39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला 2026 में डीएवी शताब्दी महाविद्यालय के YRC स्वयंसेवक निभा रहे हैं अहम भूमिका

फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : 31 जनवरी से 15 फरवरी 2026 तक आयोजित हो रहे सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला 2026 में डीएवी शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद की यूथ रेड क्रॉस (YRC) इकाई के स्वयंसेवक जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के सानिध्य में निरंतर निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।

यह सेवा कार्य फरीदाबाद के उपायुक्त एवं जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष श्री आयुष सिन्हा, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव श्री बिजेंद्र सोरोत, महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के कुशल नेतृत्व तथा YRC काउंसलर डॉ. अमित शर्मा एवं सुश्री ओमिता जोहर के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। स्वयंसेवक पूर्ण अनुशासन, समर्पण और सेवा-भावना के साथ इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में अपनी जिम्मेदारियाँ निभा रहे हैं।

YRC स्वयंसेवक व्हील चेयर तथा प्राथमिक उपचार, मेले में भीड़ प्रबंधन, देश-विदेश से आए पर्यटकों को मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता प्रदान करने, आयोजन समिति तथा रेड क्रॉस प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने एवं विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी सेवाओं से मेला सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में सेवा कार्य करते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक सेवा, मानवीय मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क तथा नागरिक उत्तरदायित्व का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो रहा है। स्वयंसेवकों का समर्पित एवं संवेदनशील व्यवहार समाज के प्रति युवाओं की सकारात्मक भूमिका को दर्शाता है।

सेवा कार्य में संलग्न स्वयंसेवक अमित कुमार, शुधांशु गुप्ता, रोशन यादव, ध्रुव कुमार, साहिल, लविश सैनी, प्रशांत एवं झलक कौशिक विशेष रूप से बुजुर्गों, बीमार व्यक्तियों एवं दिव्यांग आगंतुकों की सहायता कर रहे हैं, ताकि किसी भी आगंतुक को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

महाविद्यालय प्रशासन तथा जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद ने स्वयंसेवकों की सेवा-निष्ठा, अनुशासन एवं उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *