फरीदाबाद (विनोद वैष्णव) : जी.बी.एन. विद्यालय, 21 डी में “एक भारत श्रेष्ठ भारत” विषय पर दीक्षांत समारोह एवं वार्षिक उत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की निदेशिका अनीता सूद , विद्यालय की सम्मानित प्रधानाचार्या डॉ निशा शर्मा तथा सृजनात्मक योजनाकार कनिका सूद मुखर्जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने विविधता में एकता को दर्शाते हुए ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत देश के विभिन्न राज्यों की लोक कलाओं, नृत्यों और संगीत की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।विद्यालय के उभरते सितारों को उनकी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने पर सम्मानित किया गया। उनकी आंखों में भविष्य के बड़े सपनों की चमक साफ देखी जा सकती थी। विद्यालय की निदेशिका ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को देश की एकता, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। प्रधानाचार्या महोदया जी ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए शिक्षकों एवं अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने समारोह को और भी सफल एवं यादगार बना दिया।