फरीदाबाद (विनोद वैष्णव) : डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद द्वारा आर्य समाज स्थापना सप्ताह (19 मार्च 2026 से 25 मार्च 2026) के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 20 मार्च 2026 को ईएसआई चौक के सामने एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
नुक्कड़ नाटक का विषय “आर्य समाज के सिद्धांत” था, जिसके माध्यम से छात्रों ने सामाजिक कुरीतियों, अंधविश्वासों और अन्य सामाजिक समस्याओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने अपने सशक्त अभिनय से आर्य समाज के मूल आदर्श—सत्य, अहिंसा, शिक्षा, समानता, नारी सम्मान और समाज सुधार—को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए यह दर्शाया कि ये सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं।
प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को प्रभावित किया और उन्हें सकारात्मक संदेश दिया। महाविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। इस अवसर पर शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों सहित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों के विकास में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम में आर्य समाज इकाई की मंत्री डॉ. अर्चना सिंघल, प्रधान डॉ. जितेन्द्र ढुल और संयोजक डॉ. वलेरिया सेठी ने भी प्रतिभागियों की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज में जागरूकता फैलाने के लिए महत्वपूर्ण बताया। आयोजन को सफल बनाने में सचिव तनुजा गर्ग, नीति नगर, कविता शर्मा और डॉ. ममता कुमारी का विशेष योगदान रहा।