फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) बॉयज़ एवं गर्ल्स यूनिट द्वारा उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के निर्देशानुसार “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय, एनआईटी-3, फरीदाबाद में मेगा पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। अभियान का संचालन डॉ. जितेन्द्र ढुल (कार्यक्रम अधिकारी, बॉयज़ यूनिट) एवं सुश्री कविता शर्मा (कार्यक्रम अधिकारी, गर्ल्स यूनिट) ने किया। इस अवसर पर एनएसएस के 55 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महाविद्यालय परिसर, बाहरी क्षेत्र तथा विद्यालय में कुल 200 पौधे लगाए।
कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने स्वयंसेवकों को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संदेश दिया। कार्यक्रम अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व के प्रति जागरूक किया। सभी स्वयंसेवकों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।