फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) बॉयज़ एवं गर्ल्स यूनिट द्वारा कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान से प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कारगिल के वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन पर्यावरण अध्ययन विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. नीरज सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर एनएसएस बॉयज़ यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जितेन्द्र ढुल एवं एनएसएस गर्ल्स यूनिट की कार्यक्रम अधिकारी कविता शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के परिणाम निम्नलिखित रहे:
प्रथम स्थान : तनु
द्वितीय स्थान : खुशबू
तृतीय स्थान : पायल सती
इस कार्यक्रम में कुल 21 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं राष्ट्रसेवा का संकल्प लेने के साथ हुआ।