Pt. L. R. कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ ओरिएंटेशन

फरीदाबाद (विनोद वैष्णव) : Pt. L. R. कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी में नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ ओरिएंटेशन एवं इंडक्शन कार्यक्रम के साथ उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के ऑडिटोरियम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों की उपस्थिति में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कॉलेज के चेयरमैन डॉ. एल. सी. भारद्वाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का महत्वपूर्ण समय है।

उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कॉलेज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रो. आर. पी. आर्या ने सभी विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएँ दीं और शिक्षा का सही उपयोग, नियमित अध्ययन एवं लक्ष्य पर एकाग्रता बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को एंटी रैगिंग नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया। डीन एकेडमिक्स डॉ. बी. आर. बुंदेल ने माँ सरस्वती की वंदना के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया तथा विद्यार्थियों को उनके पाठ्यक्रम, अकादमिक गतिविधियों एवं अध्ययन प्रक्रिया के बारे में आवश्यक जानकारी दी।

ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर श्रीमती सुनीता खुराना ने प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट की जानकारी देते हुए कहा कि केवल एडमिशन लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अच्छी नौकरी और सफल करियर के लिए तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में समर्पण के साथ मेहनत करने और तकनीकी व व्यावसायिक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कॉलेज के सभी विभागाध्यक्ष (HODs), प्रोफेसर एवं लेक्चरर भी उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा उन्हें अपने-अपने विभाग एवं पाठ्यक्रम से संबंधित आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कॉलेज परिवार ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

“सीखें आगे बढ़ें उपलब्धियाँ हासिल करें अपने सपनों को साकार करें”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *