फरीदाबाद (पिंकी जोशी) : डीएवी शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद के हिंदी विभाग द्वारा हिंदी दिवस सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए। कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि हिंदी दिवस सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को भाषा एवं साहित्य के साथ-साथ प्रकृति और पर्यावरण के प्रति भी संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिंदी विभाग के सदस्यों ने पौधारोपण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. प्रियंका, डॉ. सोनिया नरूला, कर्मण्या, मुस्कान, सुमित सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं महाविद्यालय परिवार को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।