आज राजीव गांधी जैसे प्रधानमंत्री की देश को सख्त जरूरत: जगजीत शर्मा

Posted by: | Posted on: May 21, 2022

फरीदाबाद (विनोद वैष्णव) : 21वीं सदी के भारत के शिल्पकार रहे बेहद दूरदर्शी जमीनी नेता, सच्चे देशभक्त एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के बलिदान को हिन्दुस्तान हमेशा याद रखेगा। वो देश में सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार क्रांति के जनक थे। आज का कम्प्यूटर, मोबाईल व तकनीक वाला भारत उन्हीं की देन है। उक्त वक्तव्य आरपीजीएस कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रदेश प्रभारी जगजीत शर्मा ने फरीदाबाद कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के ३१वें बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देने बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रकट किए। जगजीत शर्मा ने कहा कि हालांकि विपक्षी दलों खासकर भाजपा ने उस वक़्त कंप्यूटर का भारी विरोध किया था जो आज गलत साबित हुआ है।

अपने सम्बोधन में जगजीत शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी की शहादत के बाद राजीव गांधी ने न केवल जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की राजनीतिक विरासत को संभाला, बल्कि देश को तकनीक व वैश्विक बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए अभूतपूर्व कार्य किए। राजीव गांधी, जिनके सपनों में आधुनिक भारत तो बसता था ही, साथ साथ ग्रामीण भारत भी दिल में धड़कता था। वे हर वर्ग की जरूरत को पहचानते थे, चाहे युवा हों, महिला हो, किसान हो, गरीब हो, मजदूर हो, गांव हो, शहर हो सबकी फिक्र रखते थे।

प्रवक्ता जगजीत शर्मा ने कहा कि महिलओं के लिए राजीव गांधी ने महिला शसक्तीकरण का सबसे बड़ा उदहारण पेश किया था। उन्होंने स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत रिजर्वेशन देने का काम किया था जिससेे महिलाओं को ताकत मिली। वहीं देश के युवाओं के लिए राजीव गांधी ने वो ताकत दी जिससे वो अपनी सरकार चुनें और 18 वर्ष के युवाओं को चुनाव में वोट देने का अभूतपूर्व काम किया। जगजीत शर्मा ने कहा कि उन्होंने गांवों को विकास के रास्ते पर चलाने के लिए पंचायती राज कायम किया ताकि असली भारत विकसित हो, गांव विकसित हो, गांवों के लोग विकसित हों। किसानों के लिए उनका योगदान किसी से छुपा नहीं है। वहीं राजीव गांधी ने शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े-बड़े काम किए। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति दी,  देश के हर जिले में नवोदय विद्यालय देने का काम किया था, विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए साइंस एंड टेक्नोलॉजी के लिए अलग से बजट देने की शुरुआत पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने की थी। जगजीत शर्मा ने कहा कि भारत को शक्ति संपन्न करने के लिए भारत के परमाणु कार्यक्रम को उन्होंने रफ्तार देने का काम किया था। राजीव गांधी ने ही भारत को बीएसएनएल-एमटीएनएल देने का काम किया। हालांकि आज की सरकार की नाकामी के वजह से बीएसएनएल- एमटीएनएल तबाह कर दी गई हैं। राजीव गांधी ने विदेशों में भी खूब सम्मान पाया भी और देश को दिलाया भी, उस वक्त अमेरिका जैसे शक्तिशाली देश के राष्ट्रपति  भी राजीव गांधी के लिए बहुत सम्मान रखते थे बल्कि अमेरिका से भारत के रिश्तों को मजबूत करने में सबसे अहम योगदान राजीव गांधी ने ही दिया था। जगजीत शर्मा ने कहा कि भारत को उन्होंने खूब विकास तो  दिया ही बल्कि उससे भी बढ़कर अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान भी दिया, देश हमेशा उनका एहसानमंद रहेगा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी व इंदिरा गांधी ने देश की एकता एवं अखंडता को बरकरार रखने के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया जो देश के इतिहास में त्याग और बलिदान की सबसे बड़ी मिशाल है।

इस अवसर पर आरपीजीएस कांग्रेस के फरीदाबाद जिला अध्यक्ष पवन पंडित, उपाध्यक्ष दिनेश इमलानिया, युवा नेता सौरभ आर्य, सोनू कौशिक, आयुष खुराना, रितू यादव प्रज्जवल सिंह, पुनीत कुमार, आकाश आर्य, यश शर्मा, समशेर शाङ्क्षडल्य, टेकचंद लाम्बा, डालचंद शर्मा एवं कमल चंदावली आदि लोग उपस्थित थे। उपरोक्त सभी ने भी स्वर्गीय राजीव गांधी के बलिदान दिवस पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *